(यमुनानगर)बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन की एक विशेष बैठक कपाल मोचन स्थित जाट धर्मशाला में मंडल प्रधान सरदार बलदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पहुंचे भाकियू प्रदेशाध्यक्ष चौधरी रतनमान ने कहा कि आंदोलन को और तेज करने के लिए आठ मार्च को सीएम सिटी करनाल से किसान मजदूर न्याय यात्रा शुरू की जाएगी, जिसको भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसान को अपनी जमीन औलाद से भी प्यारी होती है। ऐसे में एक भी किसान उद्योगपतियों को एक इंच जमीन नहीं देगा। यह आंदोलन खेती और अस्तित्व को बचाने के लिए है। जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि किसान मजदूर न्याय यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव में प्रचार प्रसार करना है। इस दौरान सभी किसानों से आंदोलन को मजबूत करने की अपील की जाएगी। वहीं जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि आठ मार्च को करनाल से चलकर यात्रा 10 मार्च को यमुनानगर जिले में प्रवेश करेगी। इस यात्रा के लिए जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारियों की मीटिंग करके ड्यूटी लगा दी जाएगी।