बेखौफ माफिया: सोमनदी पर अवैध पुल बनाकर निकाले जा रहे हैं ओवरलोड वाहन।
- फोटो : Yamuna Nagar
सोम नदी में शेरगढ़ गांव के पास खनन माफिया ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए नदी में पाइप दबाकर अवैध पुल तैयार कर लिया है। इस पुल की वजह से नदी की धारा बदल गई है और यहां से खनन सामग्री से भरे वाहनों को निकाला जा रहा है।
जबकि इसको लेकर एनजीटी की साफ गाइडलाइन है कि नदियों पर अपनी मर्जी से निजी स्वार्थ के लिए पानी के बहाव को मोड़कर पुल या रास्ता बनाना गैर कानूनी है। जिसके बारे में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पहले ही इस तरह के मामलों को गंभीरता से लेते हुए सरकारों को सख्त हिदायत दी थी कि बिना वैज्ञानिक तर्क के इस तरह पानी की धारा मोड़कर पुल या रास्ता बनाना पर्यावरण के लिए बहुत बड़ा खतरा है। इसलिए नदियों यमुना आदि में इस तरह के पुल व रास्ते बनाने के मामले को राज्य सरकारें गंभीरता से लें और जहां पर इस तरह के अवैध तरीके से पुल व रास्ते बने हैं उनको तुरंत हटाया जाएं। यहां एनजीटी द्वारा जारी आदेशों की अवहेलना सरेआम होती दिखाई जा रही है। खनन कार्य से जुड़े लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए प्रकृति और पर्यावरण के साथ जमकर खिलवाड़ करने पर लगे हुए है। इस तरह का मामला पिछले वर्ष कनालसी में भी हुआ था। जोकि हाई कोर्ट तक पहुंचा था। मामला हाईकोर्ट के संज्ञान में आने के बाद हाईकोर्ट ने कनालसी में बन रहे अवैध तरीके से पुलों व रास्तों को हटाने के लिए आदेश जारी किए थे। हाईकोर्ट के संज्ञान लेने के बाद सिंचाई विभाग ने कनालसी में बने अवैध पुल व रास्तों को हटाया था। इसी तरह अब शेरगढ़ गांव के पास खनन माफिया के लोगों ने अपने निजी स्वार्थ के लिए सोम नदी में पुल व रास्ते बना लिए हैं। खनन माफिया के लोग इन रास्तों का इस्तेमाल अवैध खनन करने के लिए करते हैं। सोम नदी पर बने अवैध पुल व रास्ते पर दिन रात सैकड़ों की संख्या में ट्रक, ट्रैक्टर ट्राली चल रहे हैं। उसके बावजूद भी सिंचाई विभाग को अवैध तरीके से बने रास्ते व पुल नजर नहीं आ रहे हैं। नदियों में बने अवैध रास्तों व पुलों को अगर विभाग की तरफ से हटा दिया जाए तो नदियों में अवैध खनन करने वाले खनन माफिया की कमर पूरी तरह से टूट जाएगी।
सिंचाई विभाग के एक्स ई एन विनोद का कहना है कि शेरगढ़ के पास सोम नदी में पुल बनाने का मामला उनके संज्ञान में रविवार को ही आया है। जिसके बारे एसडीओ को नोटिस जारी कर कहा गया है कि तुरंत प्रभाव से कारवाई कर अवैध तरीके से बनाए गए पुल को हटाया जाए। सोमवार को अवैध तरीके से बने सभी रास्ते व पुल हटा दिए जाएंगे। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की सख्त हिदायत है कि इस तरह अपनी मर्जी से नदी के उपर पुल व रास्ता बनाना गैरकानूनी है। जिसने भी यह पुल बनाया है उसके खिलाफ भी विभाग की तरफ से कार्रवाई की जाएगी।