तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंद डाला। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। युवक कस्बे से बाइक पर गांव अपने घर लौट रहे थे। गांव अराइयांवाला के पास ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक दूर जा गिरी। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। युवक उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार सहारनपुर के नजदीक माटकी गांव निवासी जादा व शौकीन बाइक पर खिजराबाद से दोपहर अपने घर जा रहे थे। गांव अराइयां वाला के समीप ताजेवाला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक हवा में उछल कर दूर जा गिरी और ट्रक युवकों को कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। आसपास के लोग देखकर पहुंचे तो एक की मौत हो चुकी थी। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे यमुनानगर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पहुंच शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एएसआई जंग शेर ने बताया कि घायल को एंबुलेंस से यमुनानगर भेजा गया है। मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर भेज दिया गया है। ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।