संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में 13 वर्षों से बंद पड़ी सिटी बस सर्विस कल से शुरू हो रही है। इसके लिए यमुनानगर डिपो पर शनिवार को चार इलेक्ट्रिक एसी बसें आ गईं, वहीं एक और बस सोमवार (आज) आ सकती है। फिलहाल यह बसें ट्रायल के तौर पर सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक जगाधरी बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन यमुनानगर (महाराजा अग्रसेन चौक) के बीच चलेंगी। इस बीच लघु सचिवालय, महाराणा प्रताप चौक, यमुनानगर बस स्टैंड, शहीद भगत सिंह चौक स्टॉपेज रहेंगे। जीएम रोडवेज अशोक कौशिक की मानें तो उक्त स्टॉपेज पर हर आधे घंटे में बस सर्विस देने का प्रयास है, वहीं डिपो के कोटे की शेष 45 और इलेक्ट्रिक बसें आने पर शहर सहित ग्रामीण रूटों पर सर्विस होगी। 29 जनवरी को सिटी बस सर्विस की शुरुआत करने परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा पहुंच रहे हैं, जो जगाधरी बस स्टैंड से दोपहर 12 बजे इलेक्ट्रिक एसी बस को सिटी बस सेवा के लिए हरी झंडी देकर रवाना करेंगे।
जगाधरी में बनाया स्टैंड व चार्जिंग स्टेशन
जीएम अशोक कौशिक ने बताया कि जगाधरी बस स्टैंड के साथ इलेक्ट्रिक एसी बसों का स्टैंड व चार्जिंग स्टेशन बनाया गया है। जहां बिजली आपूर्ति पर 33 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। यहां से हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड (एचसीबीएसएल) की ओर से सिटी बस सर्विस दी जाएगी। यह एक सरकारी निगम है, जिसका गठन प्रदेश के नौ शहरों पानीपत, यमुनानगर, पंचकुला, अंबाला, करनाल, सोनीपत, रेवाड़ी, रोहतक व हिसार में सिटी बस सर्विस देने के लिए किया गया है।
45 सीटर बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त-
डिपो पर आई चार इलेक्ट्रिक एसी बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें कैमरे लगे हैं। साथ ही जीपीएस जैसी सुविधा है। जिससे बसों को रूटों पर ट्रैक किया जा सकेगा। यह एक बार बैटरी चार्ज होने पर बस 200 किमी का सफर तय करेंगी। इनके संचालन से वायु व ध्वनि प्रदूषण नहीं होगा। जहां तक बसों के किराये की बात हैं तो परिवहन मंत्री द्वारा सिटी बस सर्विस की शुरुआत करने पर ही बसों का किराया घोषित किया जाएगा।