संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में शनिवार रात 10 बजे से रविवार दोपहर दो बजे तक लगातार 17 घंटे हुई तक हुई बारिश ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। लगातार हुई बारिश से मौसम में ठंडक घुलने से ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से लेकर बुधवार तक आसमान साफ रहेगा और धूप दिन भर धूप खिली रहेगी।
बारिश से शहर की सड़कें जलभराव हो गया। सबसे ज्यादा दिक्कत निचले स्तर में बसी कॉलोनियां में रहने वाले लोगों को हुई। वहां बारिश का अधिक पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले में 90 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल के लिए बारिश टॉनिक का काम करेगी। खास तौर पर घाड़ क्षेत्र में किसानों के लिए सिंचाई की समस्या दूर हो गई है। बारिश से गेहूं व चारे की फसल को लाभ मिलेगा।
जिला बागबानी विभाग के डीएचओ डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि जिले में लहसुन की दो हजार हेक्टेयर, मटर की सवा सौ एकड़, टमाटर की 1200 से 1400 एकड़ तथा शिमला मिर्च की 1200 एकड़ एरिया में फसलें खड़ी हैं। फिलहाल इस बारिश से इन फसलों को कोई नुकसान नहीं है, यदि अधिक बारिश होती है और खेत से पानी नहीं उतरता तो नुकसान होने की संभावना बढ़ जाती है।