संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन के यमुनानगर सर्कल की ओर से सेक्टर-17 के साथ लगते शनि मंदिर के पास आंबेडकर भवन में दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया गया। सदस्यों के पोते-पोतियों और नाती-नातिनों ने अपने हुनर के रंग बिखेरकर वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम में करीब 300 सदस्यों ने परिवार सहित भाग लिया। समारोह में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। बच्चों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी के सामने भक्ति गीत, फिल्मी गाने, भाषण और राष्ट्रगीत प्रस्तुत किए। एक बच्चे ने हारमोनियम बजाकर राष्ट्रगीत सुनाया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों के मनोरंजन के लिए समय-समय पर लकी ड्रॉ भी निकाले गए। समारोह में 50 वर्ष से अधिक का वैवाहिक जीवन पूरा कर चुके 20 सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दिवाली मिलन समारोह परिवार सहित हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में गुरुग्राम से आए असिस्टेंट जनरल मैनेजर संजय गोइंदवाल और चंडीगढ़ से आए असिस्टेंट जनरल मैनेजर सुरेश कुमार मुख्य अतिथि रहे। एसोसिएशन के संरक्षक एलएस श्रेवाल और हरजीत लांबा ने दोनों अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
सर्कल सचिव एसपी कांबोज ने कहा कि समारोह को यादगार बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए। जिला अग्रणी प्रबंधक सुभाष कुमार ने कहा कि सदस्यों का उत्साह सराहनीय रहा। लकी ड्रॉ के विजेताओं को नरेंद्र कपूर ने स्मृति चिह्न प्रदान किए। एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद तनेजा और आरके वोहरा ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार जताया।
आंबेडकर भवन में दिवाली मिलन समारोह में उपस्थित महिलाएं। संवाद- फोटो : katra news