संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खंड बिलासपुर के गांव मिल्क खास के राजकीय प्राथमिक पाठशाला के बच्चों ने अपने हाथों से लगाए गए पौधों को राखी बांधने के लिए रक्षाबंधन पर छुट्टी के दिन विशेष रूप से स्कूल खुलवाया। स्कूल खोलने के लिए शिक्षक पवन कश्यप स्कूल में पहुंचे। स्कूल का गेट खुलते ही बच्चों ने पौधों को न केवल राखी बांधी बल्कि तिलक भी लगाया। बच्चियों ने पौधों की देखरेख व रक्षा करने का संकल्प भी लिया।शिक्षक पवन कश्यप ने बच्चों को उपहार स्वरूप कुछ रुपये भी भेंट किए।
मिल्क खास गांव के राजकीय स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने सोमवार को अपने परिजनों के मोबाइल से स्कूल के शिक्षक पवन कश्यप को फोन किया। उन्होंने कयास लगाया कि शायद बच्चों के परिजन यह जानना चाहते होंगे कि मंगलवार को स्कूल खुलेगा या नहीं। परंतु जब बच्चों की बात सुनी तो वह हैरान रह गए।
बच्चों ने उन्हें कहा कि सर, उन्होंने मां के नाम जो पौधे स्कूल में लगाए थे वह उन्हें राखी बांधना चाहते हैं। इसलिए वह जल्दी स्कूल में आकर गेट का ताला खोल दें। शिक्षक ने उन्हें समझाया कि वह मंगलवार को आकर पौधों को राखी बांध देना। परंतु बच्चे नहीं माने। शिक्षक इस दुविधा में थे कि कहीं छुट्टी के दिन स्कूल खोलने पर कोई ग्रामीण आपत्ति जताते हुए शिकायत न कर दे।
जब बच्चे नहीं माने तो वह स्कूल में पहुंचे। स्कूल के बाहर छात्रा प्रिया, जाह्नवी, दिवांशु, शीतल, कल्पना, रेहान व अन्य रोजमर्रा की तरह वर्दी पहने और हाथों में खड़े थे। स्कूल खुलते ही बच्चों ने पौधों को राखी बांधी व उन्हें तिलक लगाया। बच्चों ने अपने पवन कश्यप के हाथ पर भी राखी बांधी। बच्चों ने कहा हम पेड़ों को राखी बांधकर आपकी रक्षा की प्रतिज्ञा लेते हैं।
स्कूल में विद्यार्थियों ने लगाए हैं 50 पौधे
शिक्षक पवन कश्यप ने बताया कि 16 अगस्त को स्कूल में एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत हेड मास्टर कर्म सिंह राठी की अध्यक्षता में चलाया गया था। बच्चों ने स्कूल प्रांगण में 50 पौधे लगाए थे। इसके अलावा काफी पौधे उप्राइमरी विंग के शिक्षक मनीष कुमार व रणजीत सिंह की देखरेख में गांव की खाली जमीन पर भी लगाए। उन्होंने बताया जीवन में पौधों का महत्व बताने के बारे में समय-समय पर स्कूल प्रतियोगिताएं और नाटक भी करवाए जाते हैं।