संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला बाल कल्याण समिति की ओर से हिंदी नववर्ष पर बच्चों में नव चेतना का संचार करने के उद्देश्य से हवन करवाया। इस दौरान बच्चों ने सामूहिक कर सभी के उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
यहां बालकुंज प्रभारी सुखमिंद्र सिंह ने 2026 की गतिविधियों के बारे में बताया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अशोक कुमार रोहिला ने बताया हिंदी नव वर्ष विक्रम संवत 2083 की शुरुआत के साथ होता है। नव वर्ष विक्रमी संवत पर धन-धान्य से परिपूर्ण प्रकृति की गोद हरी भरी हो जाती है। यह केवल कैलेंडर बदलने का नहीं, बल्कि मन, कर्म और विचारों में नई रोशनी भरने का अवसर होता है।
विक्रमी संवत हर व्यक्ति के जीवन में नवीनता लेकर आता है। बाल कल्याण समिति सदस्य सुशील गुलाटी ने बताया नव वर्ष पर यदि आप कोई संकल्प ले रहे हैं, तो पहले आत्मविश्वास बढ़ाएं और फिर इसकी जिम्मेदारी उठाएं। हमें अपनी सोच बदलनी होगी, स्वयं का ख्याल रखना होगा, छोटे लक्ष्य बनाकर उन्हें हासिल करना होगा, नई चीजें सीखें जिससे आप धीरे-धीरे आत्मविश्वासी महसूस करेंगे।
पूनम अग्रवाल, डॉ. शालिनी शर्मा, अधिवक्ता मोनिका रानी ने बच्चों को शिक्षा के साथ नागरिक के नैतिक कर्तव्य के प्रति जागरूक किया। महिला एवं बाल विकास के मिशन वात्सल्य के तहत हर बच्चे को संरक्षित करने का प्रयास जारी है। बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। इस दौरान मुख्य रूप से बालकुंज अधीक्षक बलविंद्र, माया राम सहित सभी बच्चे व कर्मचारी उपस्थित रहे।