संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री रातभर ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन पर बैठे रहे। गाड़ी संख्या 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से नौ घंटे की देरी से पहुंची।
इसी तरह बिलासपुर से अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस करीब पौने आठ घंटे विलंब से पहुंची। यह ट्रेन बुधवार रात 12:32 बजे पहुंचनी थी, लेकिन यह वीरवार सुबह 7:32 बजे स्टेशन पर पहुंची। लगातार दोनों दिशाओं में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के विलंबित होने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
इसी तरह नई दिल्ली से जालंधर जाने वाली गाड़ी संख्या 14681 जालंधर इंटरसिटी एक्सप्रेस को बुधवार को आंशिक रूप से रद्द पड़ा। यह गाड़ी लुधियाना से जालंधर के बीच नहीं चली। इसके बावजूद गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। बाड़मेर से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 14661 शालीमार मालानी एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से पहुंची।
दिल्ली से अंबाला छावनी जाने वाली गाड़ी संख्या 14521 इंटरसिटी एक्सप्रेस करीब दो घंटे 25 मिनट की देरी से चली। इसके अलावा जयनगर से अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या 14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस करीब दो घंटे, मुंबई से अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या 12903 स्वर्ण मंदिर मेल करीब सवा घंटे और कोलकाता से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 13151 सियालदह एक्सप्रेस करीब एक घंटे की देरी से पहुंची।
लगातार ट्रेनों के विलंब से यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई और उन्हें स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा। अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि कई गाड़ियों के रूट बदले होने के कारण समय सारणी बिगड़ी है। इन रूट पर काम चल रहा है। सभी ट्रेनें पीछे से ही लेट चल रही हैं, यहां से सभी निर्धारित समय पर निकली हैं।