संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सूर्य उपासना के महापर्व छठ का लोगों में भारी उत्साह व बाजार में खूब रौनक दिखाई दे रही है। शहर के तमाम बाजार गुलजार रहे। बुधवार को बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान फूल, फल के साथ कपड़ों, सौंदर्य प्रसाधन, शृंगार सहित अन्य सामान की दुकानों पर खूब भीड़ रही। बाजारों में सजावटी सामान की भी खूब मांग है।
रेलवे स्टेशन, रेस्ट हाउस रोड, पुराना रादौर रोड, न्यू मार्केट, खेड़ा बाजार, आनंद मार्केट, पेपर मिल गेट, छोटी लाइन, मीराबाई बाजार, जगाधरी वर्कशॉप रोड, कैंप, गांधी नगर, चांदपुर, आईटीआई, जगाधरी वर्कशॉप, जगाधरी छोटी लाइन, दुर्गा गार्डन, सनातन धर्म चौक, रेलवे रोड बाजार, देवी भवन बाजार, खेड़ा बाजार, पत्थरों वाला बाजार, झंडा चौक सहित तमाम स्थानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली।
आकलन है कि जिले में 2.5 लाख से ज्यादा लोग छठ महापर्व मनाते हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा कपड़ों सहित पूजन सामग्री की खूब खरीदारी हुई। छठ महापर्व शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। ऐसे में लोग इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। एक तरफ लोगों ने बाजार से व्रत व पूजन संबंधी सामान की खरीदारी की। वहीं दूसरी तरफ यमुना घाट पर पहुंचकर लोगों ने वेदियां की रंगाई-पुताई की। इस दौरान कई लोगों नई वेदियों का निर्माण किया।
मान्यताओं के अनुसार छठी मैया की पूजा में फलों व सब्जियों का भोग लगाया जाता है। इस दौरान लौकी (घीया) और कद्दू की सब्जी व भात बनाने की परंपरा है। ऐसे में लौकी के दाम बढ़ गए। इस दौरान लौकी 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिकी। इसी तरह कद्दू के दाम भी तेज रहे।
अनानास 120 से 150 रुपये, पानी वाला एक नारियल 80 रुपये, केला 60 से 70 रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा गोभी, आलू, पालक, मटर, टमाटर सहित तमाम सब्जियों के दामों में तेजी देखने को मिल रही है। इस त्योहार पर मूली, गाजर, शरीफा, सिंघाड़ा, गन्ना, कच्ची हल्दी, अदरक, सुथनी, शकरकंदी, सुपारी, घी, अगरबत्ती, सूप, टोकरी सहित अन्य सामान की खरीदारी होती है। लकड़ी के साथ पीतल के सूप की बाजार में काफी मांग रही।
चार से पांच हजार रुपये में मिल रही फलों की टोकरी
छठ महापर्व पर पूजा में सब्जियां व फल अर्पित किए जाते हैं। ऐसे में विक्रेताओं ने पूजन के लिए विशेष फलों की टोकरी तैयार करनी शुरू कर दी है। बाजार में चार से पांच हजार रुपये तक फलों की टोकरी मिल रही है। इस टोकरी में सेब, संतरा, केला, अनानास, पपीता, अनार, मौसमी, खजूर सहित 20 से ज्यादा प्रकार के फल शामिल हैं। सब्जी विक्रेता राजकुमार ने बताया कि इस बार लोगों में अपनी टोकरी तैयार करवाने का ज्यादा रुझान देखा जा रहा है। छठ के कारण अभी से फलों के दामों में तेजी आ गई है। इन दिनों सेब 100 से 200, संतरा 100 से 140, अनानास 120 से 150, पपीता 80 से 100, अनार 100 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं।
छठ पर्व के लिए सामान की खरीदारी करते लोग। संवाद- फोटो : Archive