छछरौली। खंड के गांव बलौली में एक दिवसीय बलौली क्रिकेट टूर्नामेंट करवाया गया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला छछरौली और बलौली टीम के बीच खेला गया। मेजबानी बलौली टीम अपने घर की पिच पर ही ढेर हो गई।
छछरौली ने बलौली को 30 रन से हराकर टूर्नामेंट विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम को ट्रॉफी व 11,000 रुपये देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता को 5,100 रुपये और ट्रॉफी दी गई। बलौली की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
विज्ञापन
बल्लेबाजी करते छछरौली के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। छछरौली टीम के बल्लेबाजों ने पांच ओवर में 80 रन का लक्ष्य बलौली टीम के लिए खड़ा कर दिया। 16 रन प्रति ओवर की औसत से बल्लेबाली करने उतरी बलौली की टीम को 81 रन बनाने थे। परंतु बलौली के खिलाड़ी छछरौली के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।
बलौली की टीम निर्धारित पांच ओवर में दस की औसत से केवल 50 रन ही बना सकी। इस तरह छछरौली ने 30 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए मनुज बत्रा को टूर्नामेंट का श्रेष्ठ बल्लेबाज तथा गर्व सैनी को श्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। समिति सदस्यों ने कहा कि युवाओं को खेलों में हिस्सा लेना चाहिए।