संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। भगवती मानव कल्याण संगठन एवं पंच ज्योति शक्ति तीर्थ सिद्धाश्रम ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पंजाबी धर्मशाला रादौर में महाआरती का आयोजन किया गया। रीना मसाना व वैशाली हड़तान ने श्री गुरुवर व मां के जयकारे लगवाए। भक्तों ने तीन बार शंखनाद किया।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र मेहता ने कहा कि राजस्व अर्जित करने की आड़ लेकर राज सत्ताएं शराब के लाइसेंस व अवैध धंधे करके मानव समाज को पतन के मार्ग पर धकेल रहे हैं। इससे न केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है, बल्कि अपराध बढ़ते क्रम में है। मेहता ने कहा कि संगठन द्वारा जन जागरण के माध्यम से समाज को जागरूक किया जा रहा है।
इसके अलावा नशे के दुष्प्रभाव बताकर लोगों में जागरूकता लाई जा रही है। सतगुरु शक्तिपुत्र महाराज का चिंतन है कि जिस तरह एक पिता अपने पुत्र को शराबी नहीं देखना चाहता, उसी तरह महाराज समाज से बुराइयां मिटाना चाहते हैं। इस अवसर पर राजबीर, सत्यप्रकाश, राजेश बुबका, अनिल, बलबीर, शेर सिंह, रायसिंह, दीवान चंद आदि उपस्थित रहे।