साढौरा। हरियाणा सरकार की गो सेवा योजना के तहत हरियाणा भर में चारे के लिए गोशालाओं को चेक के माध्यम से अनुदान राशि वितरित की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गोवंश के रखरखाव व चारे के लिए साढ़ौरा व आदिबद्री गोशाला को भी चेक प्रदान किए गए।
कालका से भाजपा विधायक व साढौरा विधानसभा प्रभारी शक्ति रानी शर्मा ने साढौरा रेस्ट हाउस में भाजपा के स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में साढौरा विधानसभा क्षेत्र में साढ़ौरा श्रीश्याम गौशाला को 5.66 लाख रुपये व आदिबद्री स्थित गोशाला को 5.60 रुपये राशि का चेक प्रदान किया। इस दौरान शक्ति रानी शर्मा ने गौशाला संचालकों से अनुरोध करते हुए कहा कि आज भी सड़कों पर भारी संख्या में गोवंश खासतौर पर नंदी घूमता नजर आता है जिससे हादसे होने का खतरा भी बना रहता है।
उन्होंने कहा हरियाणा सरकार गोरक्षा व सेवा के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में लगातार प्रयासरत है और गोरक्षा के लिए पिछले सत्र में बजट में बढ़ोतरी कर गोशालाओं को अनुदान वितरण किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व विधायक बलवंत सिंह,नपा चेयरपर्सन शालिनी शर्मा,मंडल अध्यक्ष गुरविंदर सिंह सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।