यमुनानगर। मॉडल टाउन में नेहरू पार्क के पास स्थित ठुकराल गारमेंट्स दुकान में कपड़े खरीदकर साढ़े 16 हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने के नाम पर एक व्यक्ति ने ठगी कर ली। आरोपी फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाकर फरार हो गया। शहर थाना पुलिस ने दुकान मालिक चंद्र ठुकराल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जगाधरी के सेक्टर 15 निवासी चंद्र ठुकराल ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मॉडल टाउन में नेहरू पार्क के पास ठुकराल गारमेंट्स के नाम से कपड़ों की दुकान है। 13 मई की रात करीब नौ बजे उनकी दुकान में एक व्यक्ति आया। आरोपी ने बताया कि उसका मुंजाल बुक डिपो है। उसे कुछ कपड़ों की खरीदारी करनी है। इस दौरान आरोपी ने दुकान से 17 हजार रुपये के कपड़े खरीदे। भाव करने के बाद आरोपी ने साढ़े 16 हजार रुपये देने की बात कही। आरोपी ने इन रुपयों का भुगतान ऑनलाइन अमेजॉन एप के माध्यम से करने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने उनका स्केनर कोड स्कैन किया। इसके बाद साढ़े 16 हजार रुपये भेजने का स्क्रीन शॉट दिखाया। इसके बाद आरोपी कपड़े लेकर वहां से चला गया। लेकिन उनके पास रुपये नहीं आए। उन्होंने बाहर जाकर देखा तो आरोपी वहां से जा चुका था। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी। शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। शहर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।