यमुनानगर। प्लाॅट बेचने के नाम पर रादौर क्षेत्र के धानूपुरा गांव निवासी संजीव कुमार से तीन लोगों ने दो लाख रुपये ठग लिए। गोविंदपुरा में प्लाॅट बेचने के लिए 14 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। तब आरोपियों ने बयाने के रूप में संजीव से दो लाख रुपये लिए थे। लेकिन बाद में रजिस्ट्री करवाने से मना कर दिया। फर्कपुर थाना पुलिस ने मामले में दंपती समेत तीन लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
धानूपुरा गांव निवासी संजीव कुमार ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साल 2022 में उसने रोहतक के गांव सामन निवासी राजिंद्र, जींद के दालमवाला गांव निवासी बिरेंद्र व उसकी पत्नी सुनीता से गोविंदपुरा में 153 वर्गगज का प्लाॅट खरीदा था। जिसकी 14 लाख रुपये कीमत तय की गई थी। पांच दिसंबर को बयाने के तौर पर उसने आरोपियों को दो लाख रुपये दिए थे। जिसके बाद 10 अप्रैल रजिस्ट्री की तारीख तय की गई थी। तय तिथि पर वह तहसील कार्यालय में बकाया रुपये लेकर पहुंचा। लेकिन शाम तक आरोपी रजिस्ट्री करवाने के लिए नहीं आए। उसने आरोपियों को फोन किए, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। कई दिनों बाद आरोपियों से बातचीत हुई तो उन्होंने प्लाॅट की रजिस्ट्री करवाने से साफ मना कर दिया।
जब उन्होंने अपने बयाने के रुपये वापस मांगे तो आरोपी उससे गाली गलौज करने लगे। उसने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। जांच अधिकारी एसआई सुमेश पाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।