ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर पिता-पुत्र ने सढूरा निवासी मलखान सिंह से पांच लाख रुपये ठग लिए। लेकिन उसे विदेश नहीं भेजा। पुलिस ने मामले में चिंतपुर निवासी रोहित व उसके पिता धर्मसिंह पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सढूरा निवासी मलखान सिंह ने रादौर पुलिस को शिकायत दी है कि दो साल पहले बिलासपुर के गांव चिंतपुर निवासी रोहित और उसके पिता धर्म सिंह ने उसे कहा था कि वे लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। दोनों ने उसे 10 लाख रुपये में ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा लगवाने का झांसा दिया था। उन्होंने पांच लाख रुपये एडवांस मांगे। बाकी ऑस्ट्रेलिया भेजने के बाद। तब उन्होंने उसे एक शपथ पत्र दिया और उससे एक बार डेढ़ लाख रुपये और दूसरी बार में साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद भी उसका वीजा नहीं लगवाया। काफी दिनों तक आरोपी उसे झूठे आश्वासन देते रहे। परेशान होकर उन्होंने आरोपियों से अपने रुपये मांगे, लेकिन आरोपियों ने देने से मना कर दिया। दोबारा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। रादौर पुलिस ने मामले में आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।