चार गांवों के ग्रामीणों ने राजकीय स्कूल के एक शिक्षक पर कंपनी में रुपये लगाकर दोगुना करने और बैंक खाते में रोजाना 10 डॉलर व ब्याज आने का झांसा देकर 300 लोगों से 50 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। गांव अमादलपुर, बीबीपुर, माजिदपुर व सुघ के ग्रामीण शुक्रवार को एसपी से मिले और शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
सतपाल सिंह, फुरकान, इमरान खान, अशोक कुमार, प्रदीप कुमार, पुरुषोत्तम, डॉ. कृष्ण कुमार, असलम, गुलजार ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि गांव के राजकीय स्कूल में शिक्षक उनके पड़ोसी गांव का है। उसने उन्हें बताया था कि क्रिप्टो वर्ल्ड ट्रेडिंग डाट नेट नाम की कंपनी भारत सरकार से मान्यता प्राप्त है। वह खुद भी इस कंपनी का एजेंट है। वह उनके पैसे को डबल करवाएगा। लोग जितने पैसे कंपनी में लगाएंगे उसके हिसाब से 10 डालर रोजाना उनके खाते में आएंगे। जितनी राशि लगाएंगे उसका दो प्रतिशत ब्याज भी मिलेगा। आरोपी ने उन्हें बताया था कि यह कोई जाली कंपनी नहीं है। इंटरनेट के जरिए संचालित होती है। उसने खुद भी अपना पैसा कंपनी में लगा रखा है। उसकी बातों में आकर करीब 300 लोगों ने कंपनी में 50 लाख रुपये से ज्यादा की राशि जमा करवा दी। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी न डॉलर व ब्याज तो दूर की बात है, जो राशि लोगों ने जमा कराई थी वह भी वापस नहीं दी।
लोगों ने रिश्तेदारों का पैसा भी लगवा दिया
लोगों ने बताया कि उन्होंने उसकी बातों में आकर अपने रिश्तेदारों के पैसे भी लगवा दिए। उन्होंने कंपनी में आठ हजार रुपये से लेकर चार लाख रुपये तक की राशि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जमा कराई। मई माह में शिक्षक ने उनसे कहा था कि कंपनी में पैसे लगाने से उन्हें बहुत ज्यादा लाभ होगा, क्योंकि कंपनी का नेटवर्क भारत समेत दुनिया भर के कई देशों में फैला हुआ है। आरोपी ने लोगों की आईडी अलग-अलग वेबसाइट पर भी बनाई।
-----------
लोगों ने पैसे मांगे तो बनाने लगा बहाने
एक माह बाद लोगों ने अपने रुपये मांगने शुरू किए तो आरोपी शिक्षक बहानेबाजी करने लगा। इसे लेकर मौजिज लोगों की पंचायत भी हुई। आरोपी उनके रुपये देने के बजाय धमकी देने लगा कि यदि वह दोबारा उसके पास रुपये मांगने आए तो वह उन्हें झूठे केस में फंसा कर आत्महत्या कर लेगा। कंपनी में रुपये लगाने वाले लोग मानसिक रूप से परेशान हैं। इसके अलावा वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने एसपी से मांग की है कि उनके रुपये वापस करवा कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
-----------
मामले की जांच की जाएगी
पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि इस बारे में ग्रामीणों ने शिकायत पुलिस कप्तान को दी है। इस मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।