यमुनानगर। शहर में व्यस्ततम महाराणा प्रताप चौक पर दो दिन पहले स्कूली ऑटो पलटने से छात्रा की मौत के बाद भी जिम्मेदार बेपरवाह हैं। पुलिस की उपस्थिति के बावजूद मार्ग पर बेतरतीब वाहनों की आवाजाही से जहां लोगों को परेशान का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हादसों का खतरा बना हुआ है, जबकि पुलिसकर्मी यातायात की बजाय अन्य कार्यों में व्यस्त नजर आते हैं। दूसरी ओर बुधवार को भी इस चौक पर अव्यवस्था और लापरवाही का आलम देखने को मिला।
सहारनपुर अंबाला नेशनल हाईवे स्थित महाराणा प्रताप चौक पर पांच से छह यातायात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है परंतु इनका काम दोपहिया वाहनों के चालान और अन्य कार्याें पर अधिक रहता है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मी एक ही जगह एकत्र रहते हैं और जैसे ही कोई दोपहिया सवार पहुंचता है, उसे घेर लिया जाता है। इस दौरान यातायात व्यवस्था राम भरोसे रहती है। ऐसे में लाल बत्ती में सड़क पार करना, वाहनों को लाइन से आगे बढ़कर सड़क के बीच तक रुकना, बिना अपनी बारी के गुजरना यह सब यहां रोजाना देखने को मिलता है। शहरवासी राजकुमार, दीपक, प्रकाशचंद, प्रियांश, उमेश शर्मा, चेतन प्रकाश ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक से दिन मेंं हजारों वाहन निकलते हैं परंतु पुलिस का ध्यान केवल चालान करने में ही रहता है, जो कई बार हादसे का कारण भी होता है। शहर के भाई कन्हैया साहिब चौक, जगाधरी बस स्टैंड चौक, मटका चौक, अग्रसेन चौक पर भी कमोबेश यही हाल है।
वर्जन
सभी चौहारों पर यातायात पुलिस तैनात है। यातायात नियंत्रण के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करना भी पुलिस का काम है। यदि इसमें कोताही हो रही है तो औचक निरीक्षण कर इसका जायजा लिया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों को विशेष निर्देश भी दिए जाएंगे।
रामपाल, थाना यातायात पुलिस प्रभारी।