संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गर्मी धीरे-धीरे चरम की और बढ़ रही है। हल्की गर्म हवाएं चलने लगी है, जिससे लोगों का थोड़ी देर भी धूप में खड़ा होना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में दो दिन बाद उमड़ने वाले बादल लोगों को गर्मी से कुछ राहत दे सकते हैं। मौसम विभाग ने हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई है।
बूंदाबांदी की आहट से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि कहीं तेज बारिश न हो जाए। यदि बारिश के साथ हवा चली तो इस वक्त सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं की फसल को होगा। जिले की अनाज मंडियों में एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है। खेतों में खड़ी फसल में नमी अधिक होने की वजह से कटाई देरी से शुरू हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार नौ से 12 अप्रैल तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान बूंदाबांदी होने की संभावना भी है। जिले में करीब 90 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल लहलहा रही है। गेहूं की अगेती किस्म की वैरायटी इस वक्त लगभग पक चुकी है। ऐसे में बारिश होती है तो कटाई पर बुरा असर पड़ेगा। बारिश से फसल गीली होने से कटाई थम सकती है। ऐसे में किसान प्रार्थना कर रहे हैं कि अभी बारिश न हो।