यमुनानगर। उपभोक्ता संरक्षण सेल (सीएसी) की पहली बैठक शुक्रवार को जिमखाना क्लब यमुनानगर में हुई। इसका मुख्य उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। बैठक की अध्यक्ष हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के सदस्य (विधि) मुकेश गर्ग ने की।
पहली बैठक में मुकेश गर्ग ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को सुविधाएं और जो उनके अधिकार हैं उनमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। मौके पर आए भारी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने अपनी बिजली से संबंधित समस्याओं के बारे में बताया। उन्होंने निगम के अधिकारियों को उनकी समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में हरियाणा में 21 सर्कल स्तरीय शिकायत निवारण मंच (सीजीआरएफ) कार्यरत हैं, जो एक लाख तक की उपभोक्ता शिकायतों की सुनवाई करते हैं। जोनल सीजीआरएफ तीन लाख रुपये तक के मामलों को निपटाते हैं। यह संरचना उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है पर हमारा लक्ष्य यहीं तक सीमित नहीं है। आयोग ने निर्णय लिया है कि डिविजन स्तर पर भी सीजीआरएफ का गठन किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध हो सके। इस दिशा में आवश्यक विनियम अधिसूचित किए जा चुके हैं और इन्हें शीघ्र लागू किया जाएगा। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना नितांत आवश्यक है।
इस बैठक में हरियाणा के विद्युत लोकपाल आरके खन्ना, ज्वाइंट डायरेक्टर (लॉ) अलोका शर्मा, एचईआरसी के एचईआरसी के एसडीओ सुखविंद्र सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।