एसपी को शिकायत देने जाते जिला परिषद चेयरमैन व अन्य पार्षद
- फोटो : Yamuna Nagar
जिला परिषद के सीईओ पर चेयरमैन सोहन लाल और अन्य पार्षदों ने जाति सूचक शब्द बोलने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में चेयरमैन और पार्षदों ने थाना शहर प्रभारी व एसपी कमलदीप गोयल को शिकायत दी। चेयरमैन और पार्षदों का कहना है कि वह ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों के लिए सीईओ से मिलने गए थे। तभी उन्होंने चेयरमैन से अभद्र व्यवहार किया, जबकि दो पार्षदों को जातिसूचक शब्द कहे। एसपी का शिकायत देकर उन्होंने सीईओ पर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में जल्द ही वे सीएम से भी मिलेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 20 दिसंबर तक मामले में सीईओ के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे संयुक्त रूप से जिला परिषद से त्यागपत्र दें देंगे और रोड पर बैठकर जाम लगाएंगे।
जिला परिषद चेयरमैन सोहन लाल, पार्षद राजेश कटारिया, संदीप गुर्जर, मामचंद, रामगोपाल शर्मा, रामपाल, पार्षद प्रतिनिधि सतीश कुमार, नरेश कुमार, सुखदेव व रादौर नगरपालिका पार्षद दलीप कुमार रिंकू ने एसपी कमलदीप गोयल को दी शिकायत में बताया कि करीब चार माह से जिला परिषद के विभिन्न वार्डों में कोई काम नहीं हो रहे हैं।
सोमवार को जिला परिषद के विभिन्न वार्डों में होने वाले विकास कार्यों के बारे में बात करने के लिए वे जिला परिषद सीईओ नवीन आहूजा से उनके कार्यालय में गए थे। उन्होंने वार्डों में काम नहीं होने के बारे में उनसे जब बात की तो वे उन पर भड़क गए और अभद्र व्यवहार किया। पार्षद राजेश कटारिया व सुखदेव सिंह ने सीईओ व वहां मौजूद लेखाधिकारी पर जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया। वहीं, चेयरमैन सोहन लाल से अभद्र भाषा में बात करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। इसके बाद चेयरमैन और सभी पार्षद लघु सचिवालय में पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी कमलदीप गोयल को शिकायत दी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलकर सीईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। यदि 20 दिसंबर तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो जिला परिषद के चेयरमैन समेत सभी पार्षद जिला परिषद से त्यागपत्र दे देंगे। इस संबंध में जिला परिषद के सीईओ नवीन आहूजा को कॉल किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। अगर उनका पक्ष आता है तो वह भी प्रकाशित किया जाएगा।
एसपी कमलदीप गोयल का कहना है कि मामले को लेकर उनके पास शिकायत आई है। मामले की जांच करवाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के अनुसार मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।