फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेलवे स्टेशन पर अब होगा तीसरी आंख का पहरा

Fri, 05 Feb 2016 11:37 PM IST
राकेश कुमार/यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर अब तीसरी आंख का पहरा होगा। रेलवे की ओर से पूरे रेलवे स्टेशन को सीसीटीवी की नजर में कैद किया जाएगा। रेलवे ने रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट व टिकट घर के नजदीक सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं। रेलवे प्रोजेक्ट के तहत पूरे रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे लगने से जहां स्टेशन पर जेब कटने व चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। वहीं कोई भी बड़ी वारदात होने से पूर्व निपटा जा सकेगा।
विज्ञापन

यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। स्टेशन पर सीसीटीवी न होने के चलते यात्री खुद का असुरक्षित महसूस करते थे। यही नहीं स्टेशन को कई बार बम से उड़ाने की धमकी भी मिल चुकी है। जिसके मद्देनजर रेलवे की ओर से गुरुवार रात को रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया गया। रेलवे के कमर्शियल डिपार्टमेंट की ओर से स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार व टिकट घर के नजदीक सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। पहले चरण का काम पूरा कर लिया गया है। दूसरे चरण में स्टेशन के तीनों प्लेटफर्म, रिजर्वेशन सेंटर, माल गोदाम सहित अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिसका कार्य रेलवे के सिग्रल डिपार्टमेंट की ओर से किया जाएगा। इससे पूरे रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरों की नजर होगी।

कंट्रोल रूम से रखी जाएगी संदिग्ध पर नजर  
स्टेशन पर लगने वाले सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम पूछताछ केंद्र के अंदर बनाया गया है। जहां पर कर्मचारी तैनात किया गया है। जिसकी नजर हर सीसीटीवी की फुटेज पर होगी। यदि कैमरे की फुटेज में कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आएगा या कोई संदिग्ध गतिविधि देखेगा तो कर्मचारी तुरंत इसकी सूचना जीआरपी व आरपीएफ को देगा। जिसके बाद संदिग्ध को काबू किया जा सकेगा।
विज्ञापन


आपराधिक घटनाओं पर लगेगा अंकुश  
यमुनानगर जगाधरी स्टेशन यूपी सीमा से सटा हुआ है, जिस कारण ये स्टेशन संवेदनशील है। रेलवे स्टेशन पर सबसे अधिक घटनाएं जेब कटने व चोरी की सामने आती हैं। स्टेशन पर सीसीटीवी न होने के कारण जेब कतरे खुले आम वारदात को अंजाम देते थे। चोर पलक झपकते चोरी कर फरार हो जाते थे। इसके अलावा महिलाओं व छात्राओं की छेड़छाड़ की घटनाएं आम होती थी।  सीसीटीवी कैमरे लगने से स्टेशन पर जेब कटने, छेड़छाड़, चोरी, स्नैचिंग जैसी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे 20 हजार यात्री
यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन रोजाना 20 हजार यात्री की आवाजाही होती है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जहां सैकड़ों विद्यार्थी यमुनानगर के विभिन्न कॉलेजों व शिक्षण संस्थानों में पढ़ने के लिए आते जाते है। इसके अलावा व्यापारी, उद्योगपति, नौकरी पेशे से जुड़े हजारों लोग रोजाना ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन पर आते जाते है। सीसीटीवी कैमरे न होने से ये यात्री खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। लेकिन अब कैमरे लगने से यात्री खुद का सुरक्षित महसूस करेंगे।

आतंकवादी घटनाओं पर पाया जाएगा काबू
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन को वर्ष 2013, 2014 और बीते वर्ष बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी है। लेकिन तीनों बार कोई ऐसी घटना सामने नहीं आई। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे न होने से यात्री भय के साये में रहते थे। अब सीसीटीवी कैमरे लग जाने से स्टेशन पर यदि कोई ऐसी बात सामने आती है तो उस पर पहले से काबू पाया जा सकेगा।

व्यापारी होंगे सुरक्षित
व्यापारियों को अपने व्यापार के सिलसिले में रोजाना दिल्ली, लखनऊ, मुंबई व अन्य स्थानों पर जाना होता है। ऐसे में उनके पास व्यापार को लेकर लाखों की पेमेंट भी होती है। रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लग जाने से अब उन्हें स्टेशन पर बिना किसी डर से आने जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
- संजय मित्तल, व्यापारी, यमुनानगर।

पुलिस का काम करेंगे सीसीटीवी
रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लग जाने स्टेशन के साथ साथ यात्रियों की सुरक्षा होगी। देश में आतंकवादी घटनाओं के चलते स्टेशन पर इस प्रकार की सुरक्षा होना भी बहुत जरूरी था। पुलिस हर समय तो स्टेशन पर तैनात नहीं रह सकती। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे पुलिस का काम करेंगे।
-हरप्रीत सिंह, प्रधान, दैनिक यात्री संघ।

वर्जन
रेलवे की ओर स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। स्टेशन के मुख्य द्वारों पर कैमरे लगा दिए गए हैं। पूरे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रोजेक्ट है। जल्द ही स्टेशन के अन्य स्थानों पर भी कैमरे लगा दिए जाएंगे।
विज्ञापन

- आरके राणा, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन यमुनानगर-जगाधरी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें