संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सेवानिवृत्त रेलवे कर्मी माॅडल टाउन निवासी सुखदेव सिंह के खाते से साइबर ठग ने एक लाख रुपये साफ कर दिए। आरोपी ने उसे फोन कर मोबाइल में गेम डाउनलोड करने की बात कही थी। आरोपी का फोन कटते ही उसका मोबाइल बंद हो गया। उसे साइबर ठगी का तब पता लगा जब उनके मोबाइल पर मैसेज आया। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में सुखदेव सिंह ने बताया वह रेलवे से सेवानिवृत्त है। उसके मोबाइल पर 16 जुलाई की रात करीब सवा आठ बजे अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे बातों में लगाकर मोबाइल पर गेम डाउनलोड करने का झांसा दिया। लेकिन उसने आरोपी को ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। कुछ देर बाद जब उसने मोबाइल ऑन किया तो उसके पास खाते से रुपये निकलने का संदेश आया।
उन्होंने बैंक में जाकर जांच की तो पता लगा कि खाते से एक लाख रुपये निकले हैं। उसने बताया कि उनके मोबाइल पर न तो कोई ओटीपी आया और न ही कोई लिंक आया। वह मोबाइल का अधिकतर प्रयोग केवल फोन करने या सुनने में करते हैं। आरोप है कि साइबर ठग ने मोबाइल पर गेम डाउनलोड करने के नाम पर उसका फोन हैक कर यह साइबर ठगी की है। इस शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।