मनोहर कॉलोनी के पास फैक्टरी से घर लौट रहे युवक के सिर पर ईंट मारकर तीन युवकों ने मोबाइल व 500 रुपये छीन लिए। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
मधुबन कॉलोनी कल्याण नगर जगाधरी निवासी दीपक वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता राजेश्वर फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। वे शुक्रवार रात आठ बजे तक जब घर नहीं लौटे। इस पर वह अपने पिता को देखने के लिए निकला। जब वह मनोहर कॉलोनी में मेट्रो मोटर्स के पास पहुंचा तो उसे पिता खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। उसके पिता को थोड़ा बहुत होश था। जब उसने अपने पिता को इस हालत के बारे में पूछा तो उसने बताया कि तीन युवकों ने उसे रोक लिया और उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया।
इससे उसके सिर से खून बहने लगा और वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से मोबाइल व 500 रुपये छीन कर फरार हो गए। दीपक वर्मा ने बताया कि उसने अपने पिता को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।