यमुनानगर। थाना सेक्टर-17 हुडा क्षेत्र के सावनपुरी स्थित खेड़ा मंदिर में चोरों ने दानपात्र से करीब छह हजार रुपये चोरी कर लिए। इसके अलावा चोर मंदिर से पीतल का घंटा और अखंड ज्योत भी चोरी कर ले गए। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो आरोपियों की पहचान हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शिव मंदिर सावनपुरी के पुजारी पंडित दीपक तिवारी ने बताया कि 11 नवंबर की रात मंदिर का दरवाजा बंद किया गया था। दरवाजे पर कभी भी ताला नहीं लगाया जाता है। अगले दिन सुबह जब वह मंदिर पहुंचे तो दरवाजा खुला हुआ था और दानपात्र टूटा पड़ा था। जांच करने पर दानपात्र से करीब छह हजार रुपये गायब मिले।
इसके अलावा मंदिर से पीतल का घंटा और अखंड ज्योत भी नहीं मिली। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में गढ़ी मुंडो निवासी राहुल और उसका साथी संजू चोरी करते दिखाई दिए। इसकी शिकायत थाने में दी गई। थाना प्रभारी राजिंद्र ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।