यमुनानगर। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर पांच लोगों पर फर्जी रेंट एग्रीमेंट तैयार करने के आरोप में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस ने प्रॉपर्टी बेचने वाले भूषण लाल, किराए पर लेने वाले सतीश कुमार, अष्टाम बेचने वाले और गवाह बने राजीव व निरंजन पर कार्रवाई की है।
मॉडल टाउन निवासी अर्पित ने अदालत में लगाई याचिका में कहा था कि नगर निगम ऑफिस के सामने 533 स्क्वेयर यार्ड की प्रॉपर्टी भूषण लाल, कमलेश और रेखा के नाम थी। उन्होंने उसे सतीश कुमार को रेंट पर दिया हुआ था। 23 अप्रैल 2010 को हुए एग्रीमेंट के अनुसार 52 हजार रुपये प्रतिमाह का किराया था और पांच साल बाद 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी होनी थी। साल 2012 में उस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता पक्ष के नाम आ गई। इसके बाद प्रॉपर्टी बेचने वाले और रेंट पर लेने वाले ने एक 29 मार्च 2011 का रेंट एग्रीमेंट पेश किया। जिसमें किराया 18 हजार रुपये प्रतिमाह था।
आरोप है कि प्रॉपर्टी बेचने वाले ने उसे नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा किया। क्योंकि जब प्रॉपर्टी का सौदा हुआ तो रजिस्ट्री से पहले बेचने वाले ने समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई और मामला कोर्ट में लेकर जाना पड़ा था। उसे नुकसान पहुंचाने के लिए बैक डेट में फर्जी रेंट एग्रीमेंट तैयार किया गया। इससे उसे 52 हजार रुपये की जगह 18 हजार रुपये प्रतिमाह का किराया आने लगा। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।