जठलाना। क्षेत्र के गांव नाहरपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति खंडित करने के मामले में जठलाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में गांव नाहरपुर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि गांव में कई वर्षो से डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति लगी हुई है। रविवार की सुबह करीब 7 बजे उसे सूचना मिली की मूर्ति को किसी शरारती व्यक्ति ने खंडित कर दिया है। जिसके बाद वह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। मूर्ति की दाहिनी बाजू खंडित हुई मिली। जिसके बाद उसने सूचना प्रशासन को दी। ज्ञात हो कि गांव में लगी मूर्ति को दूसरी बार खंडित किया गया है। अभी कुछ महीनों पहले भी इस प्रकार की यह घटना हुई थी जिसके बाद अब दोबारा यह घटना हुई है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने अपना रोष भी प्रकट किया और दोषियों की जल्द से जल्द छानबीन कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।