संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फाइनेंस पर सामान देने वाली कंपनी के साथ तीन युवकों ने ठगी की है। फर्जी दस्तावेज लगाकर कंपनी से एसी और अन्य सामान फाइनेंस करा लिया। जब दस्तावेज की जांच हुई तो सभी फर्जी निकले। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-17 में एक फाइनेंस कंपनी का ऑफिस है। कंपनी के प्रबंधक गगनदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बूडियां गेट जगाधरी में भी एक सेल्स ऑफिस हैं। वहां से लोगों को फाइनेंस पर घर का सामान टीवी, एसी व अन्य सामान दिलाया जाता है। कुछ दिन पहले उनके पास एक व्यक्ति आया उसने अपना नाम गुलजार अहमद बताया और अपना आधार कार्ड और पैनकार्ड दिए। जिसमें उसकी जन्म तिथि एक जनवरी 1993 थी।
गुलजार ने एक एसी फाइनेंस पर लिया। इसके साथ ही दूसरा व्यक्ति इरफान अली ने भी अपने आधार कार्ड पर एक मोबाइल फोन फाइनेंस कराया। कंपनी ने जब गुलजार के पैनकार्ड की जांच की तो पता चला कि यह पैनकार्ड गुलजार निवासी जयपुर के नाम पर है और उसकी जन्म तिथि 1966 है।
वहीं इरफान अली का आधार कार्ड भी फर्जी निकला। आरोप है कि इस मामले में उनकी फरमान फारुख नाम के एक व्यक्ति ने मदद की। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।