यमुनानगर। जिले के इस्माइलपुर गांव निवासी परमजीत सिंह ने बराडा निवासी एनआरआई गगनप्रीत समेत उसके परिवार के चार सदस्यों पर केस दर्ज किया है। महिला थाना पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर आरोपी गगनप्रीत सिंह, उसके पिता कुलवंत सिंह, मां अमरजीत कौर व बहन सिमरनजीत कौर पर दहेज प्रताड़ना के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
इस्माइलपुर गांव निवासी परमजीत सिंह ने बताया कि उसकी बेटी नवनीत कौर की शादी 26 नवंबर 2022 को बराड़ा निवासी गगनप्रीत सिंह से हुई थी। शादी के समय उसकी बेटी के ससुराल वालों ने कहा कि गगनप्रीत भी कनाडा में रहता है। शादी में बाद नवनीत भी उसके साथ कनाडा में रहेगी लेकिन शादी के बाद उसकी बेटी को कनाडा नहीं भेजा गया। आरोप है कि शादी के बाद उसकी बेटी के ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज में दस लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। एक दिन आरोपियों ने पीटकर उसकी बेटी को घर से निकाल दिया। उसकी बेटी घर पहुंची और आपबीती सुनाई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।