गली में कुत्ते से कार टकराने पर महिला व उसकी बेटी ने गंगा नगर कॉलोनी निवासी मदन कुमार को कॉलर पकड़कर कार से बाहर निकाल लिया। इसके बाद महिला ने अपनी दो बेटियों व चार अन्य युवकों के साथ उसके साथ मारपीट की।
गंगा नगर कॉलोनी निवासी मदन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जगाधरी की एक फैक्ट्री में काम करता है। बीती छह सितंबर को दोपहर बाद करीब दो बजे वह अपनी कार में सवार होकर यमुनानगर से अपने घर वापस आ रहा था। कॉलोनी में अपनी गली में पहुंचा तो रास्ते में उसकी कार के सामने उनकी पड़ोसी महिला का कुत्ता आ गया। उसने कार रोककर कुत्ते का बचा लिया। तभी आरोपी महिला अपनी बेटी सपना के साथ आई। महिला ने आते ही उसका कॉलर पकड़कर उसे कार से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों मां बेटी उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वह उनके चंगुल से निकला और घर पहुंचा। इसके बाद आरोपी महिला व उसकी दोनों बेटियां अपने घर के बाहर खड़ी होकर उसे गाली गलौज करने लगी। कुछ देर में उसका पड़ोसी अनिल व उसका भाई पावा मौके पर पहुंचे। पांचों आरोपी उसके घर पर आए और उससे मारपीट करने लगे। मारपीट की आवाज सुनकर उसकी पत्नी घर से बाहर आई और उसे छुड़वाने लगी। लेकिन आरोपियों ने उससे भी मारपीट की। तभी आरोपियों का साथी आसू राणा व एक अन्य युवक रॉड व डंडा लेकर आया। आरोपियों ने रॉड व डंडे से उससे बुरी तरह पीटा। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उसके परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने बाजू व अंगुलियों में फैक्चर बताया। जांच अधिकारी अजय कुमार का कहना है कि आरोपी सपना, उसकी बहन व मां, आसू राणा, अनिल, उसका भाई पावा व एक अन्य के खिलाफ केस दर्जकर लिया है।