संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीआईए-2 की टीम ने रटौली रोड से कार चालक को 38 किलो 120 ग्राम चूरापोस्त (भुक्की) के साथ पकड़ा। मामले में थाना फर्कपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार लिया। आरोपी की पहचान गांव पंजेटो निवासी शंटी के रूप में हुई।
सीआईए-2 प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक कार में नशीला पदार्थ लेकर गांव सुढैल से गांव रटौली के रास्ते होकर कांसापुर की तरफ जाएगा। इसके बाद टीम ने मौके पर जाकर नाकाबंदी की।
इस दौरान एक कार सुढैल की ओर से आती दिखाई दी, जिसे रोककर चालक से पूछताछ की। कार की तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से 38 किलो 120 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। रिमांड में आरोपी के नशे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी।