यमुनानगर। मधु चौक के नजदीक गाड़ी में आए चार लोगों ने एक अन्य कार चालक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कार का शीशा तोड़ दिया। चेहरे पर लोहे की रॉड लगने से कार चालक भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामपुरा चौकी पुलिस को दी शिकायत में विष्णु गार्डन जगाधरी निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि 10 अगस्त को वह अपनी कार में यमुनानगर से जगाधरी अपने घर जा रहा था। जब वह मधु चौक से मुड़ा तो मेहता मेडिकोज के सामने एक तेज रफ्तार कार आई और उसे ओवरटेक करके उसकी कार के सामने अड़ा दी। कार में चार लोग बैठे थे। उनमें से एक व्यक्ति ने उतरकर उसकी कार पर ड्राइवर साइड के शीशे पर लोहे की रॉड से वार किया। रॉड शीशे को तोड़ते हुए उसकी नाक पर लगी। जिससे उसे काफी चोट आई और खून बहने लगा। जब वह दोबारा हमला करने लगा तो उसने अपनी कार को वहां से भगा लिया। कार में जो तीन लोग बैठे थे उनके पास देसी कट्टे भी थे। उसने अपने बचाव के लिए 112 नंबर पर फोन किया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। कार में बैठे लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। वह उपचार के लिए अस्पताल में गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। संवाद