उत्तर प्रदेश के शामली से बिलासपुर पत्नी व तीन बच्चों को लेकर लौट रहे पेपर मिल कर्मी राजीव की कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार में सवार दंपती व उनके तीनों बच्चे चोटिल हो गए। राहगीरों ने घायलों को कार से निकालकर अस्तपाल पहुंचाया। जहां से उन्हें उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। हादसे के समय बारिश हो रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर निवासी राजीव कुमार ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के जिला शामली स्थित पेपर मिल में नौकरी करता है। कुछ दिन पहले उनके पत्नी व बच्चे उससे मिलने शामली गए थे। शनिवार शाम को मिल से छुट्टी करने के बाद वह अपने तीन बच्चों व पत्नी को बिलासपुर छोड़ने के लिए आ रहा था। जब वे जगाधरी बिलासपुर रोड पर गांव बुढेडी के पास पहुंचे तो सड़क पर बिना इंडीगेटर जलाए हुए एक ट्रक खड़ा हुआ था। ट्रक में न तो कोई रिफ्लेक्टर टेप लगाई गई थी और न ही कोई सांकेतिक लगाया गया था। रात को बरसात होने की वजह से भी दूर से यह ट्रक नहीं दिख रहा था।
जिसके चलते उनकी कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पीछे घुस गया। हादसे में वो, उनकी पत्नी व तीन बच्चे चोटिल हो गए। लोगों ने डायल 112 व एंबुलेंस को भी फोन किया। आरोप है कि करीब 30 मिनट तक कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा। इस दौरान आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें उपचार दिया गया। हादसे में कार में अगली सीट पर बैठे उसके बेटे मुकुल की टांगों में फ्रेक्चर हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दयालगढ़ निवासी रामधन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बैल गाड़ी चलाता है। पांच जनवरी की शाम को वह गांव शहजादपुर से अपनी बैल गाड़ी में बरसीन लेकर अपने घर के लिए चला था। शाम करीब साढ़े छह बजे जब वह शहजादपुर के पंचपीर के पास पहुंचा तो गांव शहजादपुर की तरफ से तेज रफ्तार एक कार आई। आरोपी चालक ने कार को लापरवाही से चलाते हुए उसकी बैलगाड़ी में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वह बैलगाड़ी से उछलकर सड़क पर गिर गया। सड़क पर सिर लगने से वह घायल हो गया। जबकि उसकी बैलगाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। जहां उसका उपचार चल रहा है। बुड़िया थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।