जगाधरी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को प्रधानमंत्री शिक्षुता एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में प्रदेश और देश के अन्य राज्यों की 18 नामी कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों के चयन के लिए पहुंचे। इन कंपनियों के 1300 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए यह रोजगार मेला लगाया गया था। मेले में कंपनियों के प्रतिनिधि तो पहुंचे, लेकिन अभ्यर्थियों की संख्या बेहद कम रही है। इस दौरान रिक्त पदों की कुल संख्या के आधे से भी कम अभ्यर्थी मेले में पहुंचे। यह मेला आईटीआई अभ्यर्थियों व विद्यार्थियों के लिए लगाया गया था। परंतु इस दौरान कुल 526 अभ्यर्थियों ने ही मेले में पंजीकरण करवाया।
मेले में इज्जैक हेवी इंजीनियरिंग यमुनानगर, चंद्रपुर वर्क्स यमुनानगर, स्वराज महिंद्रा मोहाली पंजाब, विनसम स्पिनिंग मिल बद्दी हिमाचल प्रदेश, रोहित ऑटोमोबाइल, स्वराज इंजन, अबरोनिक यमुनानगर सहित 18 कंपनियों ने भाग लिया। इस्जैक के जनरल मैनेजर एचआर एंड लीगल के राजकुमार भारद्वाज ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान देवनाथ मिश्रा प्रशिक्षण प्रबंधक ने अभ्यर्थियों को नौकरी के टिप्स बताएं। संस्थान के कार्यवाहक प्रधानाचार्य पवन कांबोज व जेएपीओ निर्मल की देखरेख में मेला लगाया गया। अनुदेशक रामदत्त वर्ग अनुदेशक, मोहम्मद यूसुफ वर्ग अनुदेशक ने व्यवस्था संभाली। मेले में अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। जिसके बाद उनका चयन कंपनी में काम के लिए किया गया। इस दौरान स्वराज इंजन व ऑर्गेनिब कंपनी ने अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर दिए।