यमुनानगर। शादी का झांसा देकर एक युवक ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की किशोरी को जगाधरी बुलाकर उससे सेक्टर 17 स्थित एक होटल में दुष्कर्म किया। जिस समय उससे गलत काम हुआ, तब वह नाबालिग थी। बाद में आरोपी ने उससे शादी से मना कर दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत सिरमौर पुलिस को दी। सिरमौर पुलिस ने मामले में जीरो एफआईआर दर्जकर केस दर्ज सेक्टर 17 थाना पुलिस को ट्रांसफर किया। अब सेक्टर 17 थाना पुलिस ने मामले में आरोपी युवक पर केस दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती यमुनानगर से हुई थी। इंस्टाग्राम पर दोनों के बीच बातचीत होती रही। इसी दौरान आरोपी युवक ने उससे शादी करने का वादा कर जून 2024 में उसे मिलने के लिए जगाधरी बुलाया। आरोपी के झांसे में आकर वह जगाधरी पहुंची। बस स्टैंड जगाधरी से आरोपी उसे अपने साथ सेक्टर 17 स्थित ग्रेंड होटल में लेकर गया। जहां आराेपी ने उससे दुष्कर्म किया। उस समय वह नाबालिग थी। आरोपी ने उसे जल्द शादी करने की बात कहीं। इसके बाद वह वापस चली गई लेकिन आरोपी ने बाद में उससे शादी करने से मना कर दिया। इस मामले में पहले सिरमौर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की। अब सेक्टर 17 थाना पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। सेक्टर 17 थाना प्रभारी जसमेर सिंह का कहना है कि आरोपी युवक पर केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।