रादौर मे खस्ताहाल बुबका रोड को न बनाए जाने के विरोध में दुकानदारों ने शनिवार को अपना रोष प्रकट करते हुए विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
इस मौके पर दुकानदारों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कांग्रेस सरकार सहित सभी अन्य राजनीतिक दलों का बहिष्कार करने की घोषणा की।
रोष को व्यक्त करने के लिए दुकानदारों ने बाकायदा मुख्य चौराहों पर ‘वोट मांग कर शर्मिंदा न करें’ के बैनर लगा दिए हैं।
दुकानदारों का कहना है कि बुबका रोड बाजार की सड़क निर्माण के लिए स्थानीय दुकानदार सभी राजनीतिक दलों और मौजूदा कांग्रेस सरकार से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन वर्षों से टूटे इस मार्ग की अब तक किसी ने सुध नहीं ली।
दुकानदार अमित कांबोज, सतीश नामदेव, खरैती लाल, ओमप्रकाश, राजीव चावला, चमनलाल, ओमप्रकाश सहगल, वेदप्रकाश, राजकुमार, सुखबीर, रमेश कुमार, रोहित, अर्जुन सिंह, जगमोहन, ईश्वर कांबोज और राजकुमार कांबोज ने बताया कि रादौर का बुबका रोड काफी समय से टूटा पड़ा हुआ है।
हालत इतनी नाजुक है कि सड़क में अनगिनत गड्ढे पड़ चुके हैं।
दुकानदारों का कहना है कि सभी राजनीतिक दलों के नेता चुनाव के समय तो वोट लेने के लिए बडे़-बडे़ दावे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद लोगों को दरकिनार कर दिया जाता है।
इसे लेकर अब दुकानदारों ने सभी राजनीतिक पार्टियों का आगामी विधानसभा चुनाव में बहिष्कार करने का फैसला लिया है। दुकानदारों का कहना है कि जब तक उनकी यह सड़क नहीं बना दी जाती स्थानीय दुकानदार किसी भी चुनाव में भाग नहीं लेंगे।