यमुनानगर। रणजीतपुर-बिलासपुर रोड पर सुल्तानपुर साढौरा मोड़ के पास खनन विभाग की टीम ने अवैध खनन सामग्री से भरे दो ट्रॉलों को पकड़ा है। जांच करने पर ट्रॉलों में हिसार स्क्रीनिंग प्लांट रणजीतपुर से भरा हुआ रेत मिला जबकि चालकों ने एक्स नंबर फार्म व बिल हिमाचल प्रदेश से एक दिन पहले जारी हुए दिखाए। खनन अधिकारियों के अनुसार स्क्रीनिंग प्लांट मालिक व ट्रॉला चालक मिलीभगत करके हिमाचल प्रदेश के फर्जी बिलों पर अवैध रूप से खनन सामग्री की खरीद फरोख्त कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपी स्क्रीनिंग प्लांट मालिक व दोनों ट्रॉला चालकों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। खान एवं भूविज्ञान विभाग के खनन अधिकारी ओम दत्त शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि रणजीतपुर क्षेत्र में फर्जी बिलों पर अवैध रूप से खनिज की खरीद फरोख्त हो रही है। इसके बाद उन्होंने टीम का गठन किया। टीम में खनन निरीक्षक अमन कुमार, खनन रक्षक नारायण सिंह, एचसी विभोर को शामिल किया।
मंगलवार मध्यरात्रि रात करीब पौने दो बजे उसने अपनी टीम के साथ रणजीतपुर क्षेत्र में दबिश दी। उन्होंने सुल्तानपुर सढौरा मोड़ के पास नाका लगाकर जांच की। इस दौरान उन्हें रणजीतपुर क्षेत्र की तरफ से उत्तर प्रदेश नंबर का एक ट्रॉला आता दिखाई दिया। टीम ने ट्रॉले को रुकवाकर उसकी जांच की। जांच में ट्रॉले में रेत भरा हुआ मिला। जब चालक से इसका बिल व अन्य दस्तावेज दिखाने को कहा तो उसने हिमाचल प्रदेश का एक्स नंबर फार्म व बिल दिखाए। यह बिल सोमवार 05.41 बजे जारी किया गया था।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के महमदपुरा गांव निवासी शिवा उर्फ सोनू बताया। चालक ने बताया कि उसने हिसार स्क्रीनिंग प्लांट रणजीतपुर से ट्रॉले में रेत भरा था जबकि बिल हिमाचल प्रदेश का था। इसके कुछ देर बाद उनकी टीम को एक और ट्रॉला आता दिखाई दिया। ट्रॉले को रोककर जांच की गई तो उसमें भी रेत भरा हुआ मिला। चालक से जब बिल मांगा गया तो उसने भी हिमाचल प्रदेश का एक्स नंबर फार्म और आठ अप्रैल को 5.28 बजे जारी हुआ बिल दिखाया। जबकि ट्रॉले के अंदर रेत हिसार स्क्रीनिंग प्लांट रणजीतपुर से भरा गया था।
ट्रॉला चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के महमदपुरा गांव निवासी विजय कुमार के नाम से हुई। आरोप है कि प्लांट मालिक व वाहन चालक हिमाचल प्रदेश के फर्जी बिल पर अवैध खनन सामग्री की खरीद फरोख्त कर रहे थे। खनन अधिकारी ने दोनों मामलों की अलग अलग शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपी प्लांट संचालक व ट्रॉला चालकों पर धोखाधड़ी, अवैध खनन करने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
बिलासपुर थाना प्रभारी राय सिंह का कहना है कि खनन अधिकारी की शिकायत पर आरोपी स्क्रीनिंग प्लांट मालिक व ट्रॉला चालकों पर केस दर्ज कर लिए गए है। दोनों ट्रॉलों को कब्जे में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।