संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह सजए हैं। इस बार बाजार में खूब धन बरसेगा। धनतेरस की खरीदारी को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। लोगों के उत्साह के देखते हुए कारोबारियों का कहना है कि इस बार धनतेरस पर 500 से 600 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। बाजारों में उमड़ी ग्राहकों की भीड़ से व्यापारी गदगद हैं और त्योहारों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
धनतेरस पर इस बार बाजार में खूब धन बरसेगा, चूंकि त्योहारों को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। इसका अंदाजा बाजारों में उमड़ रही लोगों की भीड़ से लगाया जा सकता है। दूसरी तरफ इस बार जीएसटी घटने से कई चीजों के दाम कम हो गए हैं। वहीं, इस दिन लोग सोना, चांदी, तांबा, कांस्य, पीतल, बर्तनों, चौपहिया व दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स घरेलू उत्पाद, क्रॉकरी सहित धातु सहित अन्य वस्तुओं की खरीदारी करते हैं। इस दौरान, लोग धन और समृद्धि के लिए देवी लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करते हैं।
सोना करीब 1.30 लाख रुपये प्रति दस ग्राम तक पहुंच गया है। वहीं, चांदी भी 1.50 लाख के पार पहुंच गई है। बावजूद इसके लेकिन फिर भी लोगों में सोने-चांदी की खरीद को लेकर रूझान देखने को मिल रहा है। शहर के बड़े शोरूम सहित तमाम सर्राफ कारोबारी की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है। लोग सोने-चांदी की ही बल्कि हीरों की खरीदारी भी कर रहे हैं।
सर्राफ सुशील जैन, हरीश वर्मा ने बताया कि लोगों ने धनतेरस के लिए एडवांस में जेवरों की बुकिंग की है। महिलाओं को लेटेस्ट व भारी दिखने वाले डिजाइन ज्यादा पसंद आ रहे हैं। इसके लिए वचन में हल्की और दिखने में भारी लगने वाले भूषणों की भी काफी मांग है। इसके अलावा चांदी के लक्ष्मी-गणेश, धन स्वामी कुबेर, पूजन थाली, गिलास, लड्डू गोपाल, उनके पालने इत्यादि की लोग खरीद कर रहे हैं। सर्राफ कारोबारी गुलशन कुमार ने बताया कि धनतेरस पर करीब 150 से 200 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
ऑटोमोबाइल एजेंसियों पर रौनक
जीएसटी कम होने से वाहनों के दाम में कमी है। इसका असर धनतेरस व दिवाली पर ऑटोमोबाइल एजेंसियों पर खूब रौनक देखने को मिल रही है। बाइक, स्कूटर, कार, लग्जरी गाड़ियों सहित भारी वाहनों की खरीद के लिए भी लोगों ने यह तीन चुना है। इसके चलते एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अधिकांश लोगों ने धनतेरस व दिवाली के लिए वाहनों की एडवांस बुकिंग करवाई है। ऐसे में एजेंसियों में मिस्त्री दिन-रात ऑर्डर पूरा करने के लिए वाहनों की एसेसरी लगा रहे हैं। लोगों को लुभाने के लिए कंपनियों ने कई तरह के ऑफर बाजार में उतारे हैं और लोग इन ऑफर्स का लाभ उठा रहे हैं।
इसके अलावा इस बार युवाओं में बुलेट के प्रति भी रुझान देखने को मिल रहा है। सेक्टर-17 स्थित एजेंसी पर युवक ही नहीं बल्कि युवतियां भी बुलेट खरीदने पहुंच रही हैं। वहीं, जिले की करीब दो दर्जन ऑटोमोबाइल एजेंसियों पर करीब 200 वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। सीए विशाल भाटिया ने बताया कि जीएसटी घटने से वाहनों के दाम कम हुए हैं। ऐसे में लोग इसका फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार दिवाली पर बाजार में ओवरऑल 500 से 600 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।
जगाधरी के सेक्टर-़17 बुलेट शोरूम पर बुकिंग करने पहुंचे लोग। संवाद