संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कपालमोचन में आयोजित होने वाले मेले में आने वाले श्रद्धालु हिमाचल की सीमा से सटे श्री आदिबद्री केदारनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसके लिए प्रशासन की ओर से अलग से रोडवेज बसों का प्रबंध किया जाएगा।
मेला प्रशासक जसपाल सिंह गिल ने बताया कि श्री आदिबद्री के समीप 35 स्थाई व श्री केदारनाथ मंदिर के समीप 25 स्थाई शौचालयों का निर्माण करवाया गया है। श्री आदिबद्री में यात्री निवास, भंडार गृह, सत्संग भवन का निर्माण करवाया गया है। आदिबद्री में 10 सफाई कर्मचारी हर समय तैनात रहेंगे। इसके साथ प्रशासनिक अधिकारियों व ड्यूटी मैजिस्ट्रेट को भी नियुक्त किया जाएगा।
श्री आदिबद्री मार्ग से श्री केदारनाथ को जोड़ने के लिए सोम नदी पर साढ़े तीन करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसको जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल जो पुराना पुल है उससे गुजरने वाले यात्रियों की सुरक्षा के अस्थाई प्रबंध कर बैरिकेडिंग करवाई गई है।
कपालमोचन व श्री आदिबद्री में श्राइन बोर्ड के अंतर्गत आने वाले मंदिरों की देखरेख जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के हाथों में होगी। मंदिर की देखरेख के लिए 150 से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया है। ये कर्मचारी मंदिर के चढ़ावे व प्रसाद वितरित सहित मंदिरों की अन्य देखरेख का कार्य संभालेंगे। कर्मचारियों की डयूटी तीन शिफ्टों में होगी।
मेला क्षेत्र में 140 कर्मचारी ग्राम पंचायत व नगरपालिका और 100 कर्मचारी ठेकेदार की ओर से नियुक्त किए गए है। सफाई कर्मचारी मेला शुरू होने से पहले, मेले के दौरान व मेले के बाद भी मेला क्षेत्र में सफाई को लेकर कार्य करेंगे। कर्मचारियों को विशेष हिदायत दी गई है कि गंदगी को उठा कर निर्धारित स्थान पर एकत्रित किया जाए।