बारिश के बाद बाढ़ व अन्य प्राकृतिक आपदा के कारण बंद किए हरियाणा रोडवेज बसों के यमुनानगर डिपो के सभी रूट बहाल कर दिए गए हैं। इनमें डेढ़ सप्ताह तक बंद रहे पटियाला, शिमला रूट पर सीधी बस सर्विस शुरू कर दी है, वहीं मनाली रूट पर भी मंडी तक बसें चला दी गई हैं। उधर, एक हफ्ते दिल्ली के बजाय बहालगढ़ तक रही बस सर्विस भी दोबारा दिल्ली आईएसबीटी तक कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार आठ जुलाई को पूरे उत्तर भारत में और पहाड़ी क्षेत्र में बारिश के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ने के कई जगह बाढ़ आईं। इसके बाद यमुनानगर डिपो से पंजाब के पटियाला व अमृतसर और हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मनाली व शिमला रूट बंद कर दिए गए थे।
इसके तीन-चार दिन बाद दिल्ली रूट पर भी बसें आईएसबीटी ना जाकर बहालगढ़ से लौटने लगीं। इनमें पहले रोडवेज अफसरों ने यमुनानगर डिपो की बसों की अमृतसर व कांगड़ा रूटों पर 14 जुलाई से दोबारा सर्विस शुरू की। जबकि अब यमुनानगर डिपो की बसें पटियाला व शिमला रूटों पर भी चला दी हैं।
इससे दोनों रूटों पर यमुनानगर से सीधी बस सर्विस हो गई हैं जबकि मनाली के लिए अभी यमुनानगर से मंडी तक ही बसें आना-जाना कर रही हैं। दिल्ली के लिए भी बहालगढ़ के बजाय डिपो की बसें आईएसबीटी तक चला दी गई हैं।
दोबारा चालू किए रूटों पर बसों का समय
रूट - समय
- शिमला - 5.30, 6.30, 7.00
- मनाली - 7.20
- पटियाला - 8.00
- कांगड़ा - 8.10
- अमृतसर - 13.40
- दिल्ली- 3.50, 4.20, 5.00, 5.30, 5.50, 6.00, 6.30, 7.00, 7.25, 7.55, 8.3, 9.00, 9.30, 9.50, 10.30, 11.00, 11.40, 12.40, 13.25, 14.00, 14.30, 15.30, 16.10, 17.00, 18.30, 21.00।
कटरा रूट पर चलाई बस को मिलने लगे यात्री
यमुनानगर डिपो से 16 जुलाई को जम्मू के कटरा रूट भी पांच साल बंद दोबारा शुरू हुआ। इसका सुबह 6.15 का समय और 670 रुपये एक तरफ का किराया रखा गया। रूट शुरू होने का संदेश सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ। हफ्ते भर में यात्रियों का अच्छा रुझान मिल गया है। रूट पर बस में यमुनानगर बस स्टैंड के अलावा बीच में पड़ने वाले स्टॉपेज से भी यात्री मिल रहे हैं। बस का रूट जगाधरी, अंबाला कैंट, राजपुरा, सरहिंद, खन्ना, लुधियाना बाईपास, जालंधर, पठानकोट, जम्मू, लखनपुर, कटरा है।
बारिश के बाद बंद किए गए डिपो के सभी रूटों पर हरियाणा रोडवेज की बस सर्विस दोबारा बहाल कर दी गई है। जल्द चालू रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाने सहित नए रूट भी चलाने की तैयारी है, इसके लिए योजना बन रही है।- भीम सिंह, ड्यूटी इंस्पेक्टर, यमुनानगर डिपो (हरियाणा रोडवेज)।