संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। त्रिकोणी चौक के पास शनिवार की शाम अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने बुलेट सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में ले ली है। साथ ही मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायत में दिनेश चंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वह इज्जैक कंपनी में काम करता है। उसका 35 वर्षीय बेटा सिद्धार्थ बिष्ट घर पर ही रहकर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। सिद्धार्थ शनिवार शाम को अपने दोस्त की बुलेट लेकर किसी काम से त्रिकोणी चौक जगाधरी गया था। वहां से लौटते समय जब वह उधमगढ़ के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने बुलेट को टक्कर मार दी।
हादसे में सिद्धार्थ गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया।
वहा चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक सिद्धार्थ के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। एसएचओ जगाधरी शहर ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।