संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने गांजा के साथ जीजा-साला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से टीम ने आठ किलोग्राम गांजा बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि गांव महमूदपुर स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी के बाहर कुछ लोग नशीले पदार्थ की सप्लाई की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर नारकोटिक्स सेल की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से आठ किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान बिहार के जिला वैशाली के गांव राघोपुर निवासी विजय के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में बिहार के वैशाली निवासी उसके जीजा इंद्रजीत का नाम सामने आया, जिसके बाद टीम ने उसे तिरुपति फैक्टरी के सामने से गिरफ्तार कर लिया। दोनों गांव महमूदपुर में ही रहते थे। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। दोनों आरोपी आसपास के क्षेत्रों में नशे की सप्लाई करते थे।