संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी में छछरौली-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर शनिवार को दोपहर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से गांव सुघ निवासी 16 साल की महक और उसके छह वर्षीय भाई अरहम की मौत हो गई।
हादसे में मां मुर्सिबा और ढाई वर्षीय भाई आहान भी घायल हो गए। आहान की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मुर्सिबा अपने तीनों बच्चों के साथ एक्टिवा पर सवार होकर खरीदारी के लिए जगाधरी आ रही थीं।
एक्टिवा उसकी 16 वर्षीय बेटी महक चला रही थी। शनिवार दोपहर बाद जब वे सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने पहुंचे तो मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने हाईवे की दूसरी ओर जाने के लिए अचानक कट लगा दिया। अचानक सामने ट्रॉली आने से महक को संभलने का मौका नहीं मिला और एक्टिवा ट्रॉली की चपेट में आ गई।
टक्कर लगने से एक्टिवा सवार चारों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया महक और अरहम के ऊपर से गुजर गया। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मुर्सिबा और छोटा भाई आहान घायल हो गए।
हादसा होते देख आसपास के लोग और वहां से गुजर रहे वाहन चालक मौके पर रुक गए। लोगों ने घायलों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना शहर जगाधरी और बूड़िया चौकी पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।
हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्थित कराया। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
चाचा का चार नवंबर होना है निकाह
परिजनों के अनुसार महक के चाचा कामिल का चार नवंबर को निकाह होना है। इसे लेकर परिवार में तैयारियां चल रही थीं। शनिवार को मुर्सिबा अपने तीनों बच्चों के साथ निकाह के लिए खरीदारी करने जगाधरी आई थी। परिवार को उम्मीद थी कि खरीदारी करके घर लौटेंगे और निकाह की तैयारियों को आगे बढ़ाएंगे। हादसे की सूचना मिलते ही मुर्सिबा के पति मोहम्मद काला और परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंचे। मोहम्मद काला लकड़ी मंडी में आढ़ती हैं। दो बच्चों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर हाल खराब है।
सड़क हादसे के बाद मौके पर जमा लोगों की भीड़। संवाद