यमुनानगर। हिमाचल की शिवालिक की पहाड़ियों से सटा हरियाणा का सबसे बड़ा खूबसूरत कलेसर नेशनल पार्क 11570 एकड़ में फैला हुआ है। जंगल के बीच से गुजरने वाली सूंकरा और पथराला नदी हैं। बरसात के दिनों में नदियों के साथ लगते गांवों का आपस में हर साल संपर्क तक टूट जाता है। अब दोनों नदियों के ऊपर 18.28 करोड़ रुपये से पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई।
इनमें 11.70 करोड़ रुपये से सूंकरा और 6.58 करोड़ रुपये से पथराला नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसमें पथराला पर पानीपत की आईपी कंस्ट्रक्शन कंपनी और संकूरा पर गुरुग्राम की राधेश्याम कंपनी पर पुलों के निर्माण कर रही है। बता दें सूंकरा यमुना नदी और पथराला दादूपुर हैड पर आकर मिलती हैं। सूंकरा पर 115 मीटर (377 फीट) और पथराला पर 92 मीटर (300 फीट) लंबाई होगी, लेकिन चौड़ाई साढ़े सात मीटर (24.66 फीट) होगी।
दोनों पुलों में 15 किमी. की दूरी है। ऐसे में कृषि यंत्र के अलावा बड़ा वाहन गुजारने में आसानी भी होगी। बता दें सूंकरा और पथराला दोनों ही बरसाती नदियां हैं। शिवालिक की पहाड़ियों पर भारी बारिश होने पर ये उफान पर आ जाती हैं। ऐसे में कलेसर, बंजारा बांस, कांसली, मोझूबांस, बाबूराम बांस व चिकन गांवों का आपस में कट जाते हैं। ग्रामीणों ने साल 2022 में पुल बनाने की मांग की थी। इस पर मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल ने यहां पुल बनाने की घोषणा की थी। संवाद