संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के मयूर होटल में रुकी दुल्हन की सोने की दो अंगूठियां व सोने की चेन चोरी हो गई। दुल्हन प्रोफेसर कॉलोनी निवासी मनजीत कौर ने अपनी सहेली खानपुर हड़ोली निवासी रविंदर कौर पर गहने चुराने का आरोप लगाया है। शहर पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी मनजीत कौर ने शिकायत में बताया कि 18 अप्रैल को उसकी शादी पंजाब के बठिंडा निवासी हरप्रीत सिंह के साथ हुई थी। उसकी शादी से दो दिन पहले उसकी सहेली रविंदर कौर उसके घर पर आ गई। वह उसकी शादी की तैयारी करवा रही थी। उसके पास दो सोने की अंगूठियां व एक सोने की चेन थी, जिसमें गणपति का लॉकेट था।
उसने अंगूठी व चेन को अपने किराए के कमरे में अलमारी के सेफ में रखा था। चाबी उसके पास रहती थी। उसकी शादी 18 अप्रैल को एनजी पैराडाइज होटल में थी। विदाई से पहले वह अपने पति व ससुराल के सदस्यों के साथ मयूर होटल में ही रुक गई। उस दिन उसकी अलमारी की चाबी उसके पर्स में ही थी।
इसके बाद उसकी सहेली शादी समारोह के बाद उसके किराए के कमरे में आ गई और रात को वहीं पर रुकी। अगले दिन वह सुबह अपने पति हरप्रीत सिंह के साथ होटल के कमरे से अपने किराए के कमरे में आई। इसके बाद वह वहां नहाने के लिए चली गई। जब वह नहा कर वापस आई तो उसने देखा की अलमारी में चाबी लगी है।
जांच करने परसोने की दो अंगूठियां व चेन गायब मिली। उसने आरोप लगाया कि उसकी सोने की दो अंगूठियां व सोने की चेन उसकी सहेली रविंदर कौर ने चोरी की है। उसने बताया कि उस दिन उसकी विदाई थी। इस पर उसने शिकायत दर्ज नहीं करवाई। इसके बाद उसने ससुराल से वापस आकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सहेली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।