संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छोटी लाइन पर दुर्गा गार्डन कॉलोनी में अपने दोस्त के साथ पुलिया पर बैठे रितिक पर पांच-छह युवकों ने शराब की कांच की बोतलों से हमला कर दिया। आरोपियों ने सिर में बोतलें मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने छह आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
रितिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 29 अप्रैल को रात नौ बजे अपने दोस्त कॉलोनी के ही लल्ला के साथ मोहन नगर जगाधरी में पीपल के पेड़ के पास बनी पुलिया के ऊपर बैठा था। इस दौरान वहां पर दुर्गा गार्डन निवासी दिलीप उर्फ दलिया अपने दोस्त पवन, गोविंद पंडित उर्फ पंडित, शिवम उर्फ हड्डी, प्रिंस का पनवाड़ी व सिंघम के साथ वहां पर आया।
आरोपियों ने शराब पी रखी थी। उनके हाथ में शराब की कांच की बोतले थी। आरोपियों ने आते ही उनके साथ बहस शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उसके सिर पर कांच की बोतले मारी। जिससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर गया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने आरोपियों से उसे छुड़ाया और घटना की सूचना उसके परिजनों को दी
। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। मगर परिजनों से शहर के निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां उसका इलाज चल रहा है। हमले की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।