संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रदेश सरकार की हर घर हर गृहणी योजना के तहत बीपीएल व एएवाई परिवारों को 500 रुपये में सिलिंडर उपलब्ध कराया जाना है और उनकी बकाया राशि की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जानी है। इसे लेकर जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक (डीएफएससी) जीतेश गोयल ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की।
उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि जिले के समस्त सीएससी संचालकों से तालमेल करते हुए हर गांव में बीपीएल व एएवाई परिवारों को योजना का लाभ देने के लिए प्रदेश सरकार की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए शिविर लगाएं। इसके लिए उपभोक्ता को गैस एजेंसी की पासबुक, बैंक खाते की पासबुक, परिवार पहचान पत्र की कॉपी व परिवार पहचान पत्र में दर्ज मोबाइल नंबर और अपनी एलपीजी आईडी प्रस्तुत करनी होगी।
यदि किसी उपभोक्ता के पास एलपीजी आईडी उपलब्ध नहीं है, वह अपनी आईडी संबंधित गैस एजेंसी से प्राप्त कर सकता है। केवल उसी उपभोक्ता को इस योजना का लाभ मिलेगा, जिसका पंजीकरण उपरोक्त योजना में दर्ज होगा।