संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। टेलीफोन एक्सचेंज वाली सड़क का निर्माण एक हफ्ते में शुरू न किया गया तो चुनाव बहिष्कार करेेंगे। यह चेतावनी यहां के दुकानदारों न निवासियों ने सोमवार को नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी कर दी। आरोप लगाया कि कई माह से सड़क का निर्माण अधर में हैं। इसमें दुकानदारों ने नगर पालिका अधिकारियों पर अनदेखी के आरोप में मुख्यमंत्री के नाम शिकायत भेज कार्रवाई की मांग की।
दुकानदार अमन बंसल, मोहित कुमार, मनीष कुमार, नवीन गौड़, सुखबीर, बलराम सैनी, जगदीश कुमार, बलिंद्र सिंह, नीरज, कालू ने बताया कि नगरपालिका की ओर से लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली टेलीफोन एक्सचेंज वाली सड़क का कार्य दो माह पहले शुरू हुआ था, पर अभी तक सड़क नहीं बन पाई। इससे दुकानदार व निवासी परेशान हैं। दुकानदारी ठप है। सड़क उखड़ी होने से दिनभर धूल-मिट्टी उड़ती है। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। साथ ही सड़क पर पड़े पत्थरों से वाहन चालकों व पैदल राहगीर के आने-जाने में सड़क दुर्घटना का भय है।
दुकानदारों ने बताया कि टेलीफोन एक्सचेंज वाली सड़क का निर्माण कार्य पूर्व राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज ने एक मार्च को शुरू कराया था। इसके बाद सड़क बनाने के लिए ठेकेदार ने पुरानी सड़क उखाड़ी। जहां दो माह से सड़क उखड़ी है, पर निर्माण कार्य नहीं दिख रहा। इस कारण यहां से आना-जाना मुश्किल हो गया है।
ठेकेदार गौरव सैनी ने कहा कि जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग की ओर से सड़क निर्माण कार्य बीच में सीवरेज के पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया, जो धीमी गति से हो रहा है। इस कारण सड़क का निर्माण कार्य रुक गया। पब्लिक हेल्थ के एसडीओ रवि नायक ने कहा कि जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग की ओर से सीवरेज के पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। नगरपालिका की ओर से सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकता है।
सड़क का निर्माण कार्य एक-दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा। जल्द सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। - संदीप सिहाग, जेई नगरपालिका।