जगाधरी वर्कशाप। मंगलवार को आसमान में छाए काले बादलों के साथ दिनभर शीत लहर चली। मंगलवार इस सीजन का पहला ऐसा दिन रहा, जब दिनभर सूर्य देव ने दर्शन नहीं दिए। मंगलवार का दिन साल में अब तक सबसे ठंड दिन रहा। दिन में अधिकतर पारा करीब 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया। दिन भर धूप न निकलने से ठिठुरन बनी रही और हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड में लोग भी घरों में दुबके रहे। उधर, कड़ाके की ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्राइमरी स्कूलों में दो दिन के अवकाश घोषित कर दिया।
सोमवार को हुई बरसात का असर मंगलवार को भी दिखाई दिया। मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और सर्द हवाएं चली।
जिससे कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। सबसे अधिक परेशानी सुबह स्कूल व काम पर जाने लोगों को हुई। दिनभर सूर्य भगवान भी बादलों की ओट में छिप रहे, जिससे सारा दिन ठिठुरन बनी रही। हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड की वजह से लोग दिनभर घरों में ही दुबके रहे। ऐसे में पार्क व बाजार भी सुनसान दिखाई दिए। इक्का-दुक्का लोग ही बाजार में खरीददारी के लिए पहुंचे। बाजार में आए दुकानदारों ने अलाव व हीटर का सहारा लिया। शहर के सबसे व्यस्त बाजार मीरा बाजार के दुकानदार राजकुमार ने बताया कि ठंड से मार्केट भी ठंडी रही। आलम यह रहा कि दोपहर बाद तक भी कई दुकानदारों की बोनी तक नहीं हुई। बाजार में गिनती के लोग ही खरीददारी के लिए पहुंचे। शाम होते होते ठंडा का असर और भी बढ़ गया।
देखते हुए दुकानदार आठ बजे से पहले ही शटर डाउन कर निकल गए। वहीं रेस्टोरेंट संचालक साहिल ने बताया कि ठंड में गर्म खाद्य पदार्थों की डिमांड बढ़ जाती है और सूप, चाउमिन, गाजरपाक, जेलबी की मांग करते हैं। अधिकतर दुकानदारी शाम को ही होती है। मगर मंगलवार को कड़ाके की ठंड होने के कारण लोग घरों से बाहर ही नहीं निकले। जिसकी वजह से आधी सेल भी नहीं हुई।
बाक्स:
एक-दो दिन रहेगी ऐसे ही ठंडक:
अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगलेे दो दिन मौसम में ठंडक बनी रहेगी, हालांकि इस दौरान बरसात की संभावना नही है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 16 तथा न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेलियस डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग चंडीगढ़ का पूर्वानुमान है कि अगले एक दो दिन मौसम सर्द रहेगा। दिन में बादल छाए रहेंगे। अधिकतर तापमान करीब 16 डिग्री के आस पास रही रहेगा।
बाक्स:
ठंडी तासीर वाले पदार्थों का सेवन न करें: डा. दहिया
कड़ाके की ठंड में खान-पान के प्रति हल्की सी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है। इसलिए ठंड में डाइट का खासतौर पर ध्यान रखना चाहिए। सिविल अस्पताल के एमएस डा. विजय दहिया का कहना है कि मैरिज सीजन भी शुरू हो रहा है। ऐसे में कोल्ड ड्रिंक व आइसक्रीम का सेवन का पूरी तरह से परहेज करना चाहिए। इसी तरह इन दिनों कोई भी ठंडी तासीर वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। जब भी बाहर निकले, गर्म कपड़े पहन कर ही जाए। रात को भी बाहर निकले तो गर्म कपड़े पहन कर ही बाहर जाए। जहां तक संभव हो बच्चों व बुजुर्गों को ठंड में बाहर न जाने दें।
बाक्स:
प्राइमरी स्कूल दो दिन बंद रहेंगे:
कड़ाके की ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्राइमरी स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। 18 व 19 को स्कूल बंद रहेंगे। डीईईओ आनंद चौधरी का कहना है कि विभाग के निदेशक की ओर से पत्र जारी किया गया, जिसमें प्राइमरी स्कूल के बच्चों की छुट्टियां करने के आदेश हैं। जिसमें 18 व 19 जनवरी तक बच्चों की स्कूल में छुट्टियां रहेंगी। ये आदेश सरकारी व निजी दोनों स्कूलों पर लागू होंगे।