संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र में गन्ना यार्ड शुगर मिल के पास रविवार रात एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान शामली जिले के झिंझाना निवासी जाबिर के रूप में हुई है। जाबिर फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एसआई रविंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जाबिर पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था। इसी कारण उसकी मौत होने की आशंका है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था। सोमवार को जाबिर के परिजन यमुनानगर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।